सीतापुर में अंतरजनपदीय नकबजन गिरोह का पर्दाफाश, तीन हिस्ट्रीशीटर व सोनार समेत छह दबोचे.

* सात वारदातों का सफल अनावरण, 1.44 लाख रुपये नकदी, गलाया सोना व जेवरात बरामद

 * महमूदाबाद पुलिस व एसओजी ने नूरपुर पुल के पास से की घेराबंदी, दो तमंचे व बाइकें भी जब्त

सीतापुर(संवाददाता): जनपद पुलिस ने चोरी व नकबजनी की सिलसिलेवार वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। महमूदाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नूरपुर पुल के पास से गिरोह के पांच सदस्यों और चोरी का सोना खपाने वाले एक सोनार सहित कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन पेशेवर हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,44,100 रुपये नकद, गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस संयुक्त कार्रवाई से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की सात बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है।

नूरपुर पुल के पास घेराबंदी कर दबोचे गए बदमाश.पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सटीक सूचना पर महमूदाबाद कोतवाली प्रभारी सतेंद्र विक्रम सिंह व एसओजी टीम ने नूरपुर पुल के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राम प्रकाश निवासी थानगांव, आशीष उर्फ ननका, अरविन्द्र कुमार, श्रवण उर्फ सरवन तीनों निवासी रामपुर मथुरा, सूबेदार निवासी रेउसा और चोरी का माल खरीदने वाले सोनार श्रीकृष्ण पवार निवासी बजाजा चौराहा महमूदाबाद मूल निवासी सांगली महाराष्ट्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राम प्रकाश और आशीष के पास से 315 बोर के दो तमंचे व कारतूस मिले, जबकि मौके से मिली दो बाइकों को एमवी एक्ट की धारा 207 में सीज कर दिया गया।

महमूदाबाद, थानगांव व सदरपुर की सात वारदातें कबूलीं .कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने मिलकर महमूदाबाद के ग्राम बजवापुर में वारदात की थी। इसके अलावा सदरपुर क्षेत्र के थनैतपुर, धमगोदरापुर और गोडैचा चौराहा स्थित माइक्रो फाइनेंस शाखा में भी नकबजनी की घटना को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्यों ने थानगांव के महन्तापुरवा व मुखियापुरवा तथा सदरपुर के खुशूरूवा गांव में भी घरों को निशाना बनाया था। चोरी के जेवरात आरोपी बजाजा चौराहा निवासी सोनार श्रीकृष्ण पवार को गलाने और बेचने के लिए देते थे। बरामदगी में गलाया हुआ सोना, छह जोड़ी पायल, सात मीना, एक सिकड़ी, कान की बाली और सफेद धातु का ब्रेसलेट शामिल है।

सीतापुर से लेकर बाराबंकी व श्रावस्ती तक आपराधिक जाल.पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश बेहद शातिर व आदतन अपराधी हैं। इनमें श्रवण और अरविंद रामपुर मथुरा थाने के तथा राम प्रकाश थानगांव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इन आरोपियों पर सीतापुर के अलावा बाराबंकी और श्रावस्ती जिलों में डकैती, नकबजनी, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और मादक पदार्थ तस्करी के दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ